कोलंबो, 25 फरवरी (वार्ता) कप्तान मिचेल सैंटनर (47), रचिन रवींद्र (32) और कोल मकौंची (नाबाद 31) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने टी-20 विश्वकप के सुपर आठ मुकाबले में बुधवार को श्रीलंका को जीत के लिए 169 रनों का लक्ष्य दिया।
आज यहां श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी शुरुआत खराब रही थी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाये। न्यूजीलैंड ने एक समय 12.1 ओवर में 84 के स्कोर पर अपने छह विकेट गंवा दिये थे। फिन एलेन 13 गेंदों में (23), टिम साइफर्ट (आठ), ग्लेन फिलिप्स (18), रचिन रवींद्र 22 गेंदों में (32), मार्क चैपमैन (शून्य) और डैरिल मिचेल (तीन) रन बनाकर आउट हुये। ऐसे संकट के समय मिचेल सैंटनर और कोल मकौंची की जोड़ी ने पारी को संभाला तथा तेजी के साथ रन भी बटोरे। मिचेल सैंटनर पारी की अखिरी गेंद पर कैच आउट हुये। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 168 रन बनाये। मिचेल सैंटनर ने 26 गेंदों में दो चौके और चार छक्के लगाते हुए 47 रनों की पारी खेली। कोल मकौंची ने 23 गेंदों में दो छक्के और तीन चौके लगाते हुए नाबाद 31 रन बनाये।
श्रीलंका के लिए महीश तीक्षणा और दुशमंता चमीरा ने तीन-तीन विकेट लिये। दुनित वेल्लालगे ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
