मुंबई 03 फरवरी (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के कनाडा, मैक्सिको और चीन पर टैरिफ लगाने से वैश्विक आर्थिक विकास प्रभावित होने की आशंका में विश्व बाजार के गिरने से हतोत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर कैपिटल गुड्स, इंडस्ट्रियल्स, पावर, यूटिलिटीज और तेल एवं गैस समेत सोलह समूहों में हुई भारी बिकवाली से आज शेयर बाजार लुढ़क गया।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 319.22 अंक की गिरावट लेकर 77,186.74 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 121.10 अंक का गोता लगाकर 23,361.05 अंक पर बंद हुआ। बीएसई की दिग्गज कंपनियों की तरह मझौली और छोटी कंपनियों के शेयरों में भी जमकर बिकवाली हुई, जिससे मिडकैप 0.89 प्रतिशत टूटकर 42,502.05 अंक और स्मॉलकैप 1.77 प्रतिशत लुढ़ककर 49,212.30 अंक पर आ गया।
इस दौरान बीएसई में कुल 4184 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2877 में गिरावट जबकि 1139 में तेजी रही वहीं 168 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 35 कंपनियां लाल जबकि अन्य 16 हरे निशान पर रही।
विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा कनाडा, मैक्सिको और चीन पर व्यापक टैरिफ लगाए जाने से वैश्विक व्यापार युद्ध की चिंताएं बढ़ गई हैं। इससे वैश्विक आर्थिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका है, जिससे एशियाई बाजारों में कमजोरी देखी गई। इस वैश्विक प्रवृत्ति का असर भारतीय शेयर बाजारों पर भी पड़ा, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट आई। साथ ही 01 फरवरी 2025 को पेश किए गए केंद्रीय बजट के बाद निवेशकों की मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। बजट के दौरान बाजार में उतार-चढ़ाव देखा गया, जिसमें सेंसेक्स में पांच अंकों की मामूली बढ़त और निफ्टी में 26 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। बजट के प्रावधानों के प्रति निवेशकों की चिंताओं ने भी बाजार की मौजूदा गिरावट में योगदान दिया है।
इससे बीएसई के 16 समूहों में बिकवाली रही। इस दौरान कैपिटल गुड्स 4.29, इंडस्ट्रियल्स 3.79, पावर 3.30, यूटिलिटीज 2.71, तेल एवं गैस 2.52, ऊर्जा 2.24, कमोडिटीज 0.64, सीडी 0.24, एफएमसीजी 1.59, वित्तीय सेवाएं 0.43, दूरसंचार 0.67, ऑटो 0.14, बैंकिंग 0.67, धातु 1.99, रियल्टी 0.42 और सर्विसेज समूह के शेयर 1.58 प्रतिशत गिर गए।
वैश्विक बाजार का रुझान का नकारात्मक रहा। इससे ब्रिटेन का एफटीएसई 1.25, जर्मनी का डैक्स 1.77, जापान का निक्केई 2.66, हांगकांग का हैंगसेंग 0.04 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.06 प्रतिशत उतर गया।

