सिंगरौली: नगर पालिक निगम सिंगरौली के सभागार में नगरीय क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने की, जबकि एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव भी इस दौरान उपस्थित रहे।बैठक की शुरुआत में नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने विधायक का स्वागत करते हुए नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। समीक्षा के दौरान विधायक रामनिवास शाह ने अधिकारियों से कहा कि नगर निगम क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे हों, ताकि नागरिकों को समय पर सुविधाएं मिल सकें।प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति पर चर्चा करते हुए विधायक ने अधिकारियों को आवास निर्माण कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों को पहली किस्त मिल चुकी है और जिन्होंने समय पर निर्माण कार्य पूरा कर लिया है, उन्हें शीघ्र दूसरी किस्त जारी की जाए। साथ ही जिन हितग्राहियों ने अभी तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया है, उनसे समन्वय बनाकर जल्द कार्य शुरू कराया जाए।बैठक में सीवरेज और गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान प्रभावित सड़कों की मरम्मत का विषय भी उठाया गया। इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को आवागमन में असुविधा न हो।
पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान नगरीय क्षेत्र के पथ विक्रेताओं, हाथठेला चालकों और रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को 10, 20 और 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बैंकिंग प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, जिससे हितग्राहियों को अनावश्यक परेशानी न हो।बैठक में अमृत योजना 2.0 के तहत पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए कि जिन वार्डों में पाइपलाइन पहुंच चुकी है, वहां अधिक से अधिक नल कनेक्शन दिए जाएं तथा जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन नहीं पहुंची है, वहां जल्द व्यवस्था पूरी की जाए। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए नगर के सभी क्षेत्रों में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।बैठक में विधायक प्रतिनिधि अरविंद दुबे, कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, उपायुक्त आरपी बैस, उपायुक्त वित्त अनुपम दुबे, सहायक आयुक्त एचएम श्रीवास्तव, ज्योति सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी बीजी चतुर्वेदी सहित नगर निगम के सहायक यंत्री और उपयंत्री उपस्थित रहे।
