
डिंडोरी। जिले के विक्रमपुर चौकी अंतर्गत हरई गांव में गुरुवार को चोरी और हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई। अज्ञात बदमाश एक किराना व्यवसायी के घर में घुसकर चोरी करने के बाद उनकी हत्या कर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान हरई निवासी ऊधोराम साहू के रूप में हुई है, जो गांव में किराना व्यवसाय का संचालन करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे।
बदमाश चोरी की नीयत से घर में घुसे थे
सूचना पर विक्रमपुर चौकी प्रभारी अतुल हरदहा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच प्रारंभ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय ऊधोराम साहू घर में अकेले थे। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात बदमाश चोरी की नीयत से घर में घुसे थे और विरोध करने पर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस ने जुटाए आवश्यक साक्ष्य
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। घर से कितनी नकदी या सामान चोरी हुआ है तथा हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
