तेलंगाना नगर निगम चुनाव: कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती हो रही है

हैदराबाद, 13 फरवरी (वार्ता) तेलंगाना में 116 नगर पालिकाओं और सात नगर निगमों के चुनावों में डाले गए वोटों की गिनती रही है। मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार को सुबह 0800 बजे शुरू हुई।

राज्य भर में 123 केंद्रों पर गिनती चल रही है। यह प्रक्रिया पोस्टल बैलेट की गिनती से शुरू हुई, जिसके बाद नियमित मतपत्र की गिनती शुरु हुई।

अधिकारियों ने कहा कि गिनती में समय लगने की उम्मीद है क्योंकि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के बजाय बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया गया था। आसान और शांतिपूर्ण प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए, लगभग 12,000 पुलिसवालों के साथ-साथ सशस्त्र बलों और त्वरित प्रतिक्रिया टीम को मतगणना केंद्र पर तैनात किया गया है। मतगणना स्थल पर प्रवेश के सख्त नियम लागू किया गया है, जिसमें पूरी सुरक्षा जांच के बाद सिर्फ़ वैध पास वाले अधिकृत लोगों को ही प्रवेश की इजाज़त है।

गौरतलब है कि तेलंगाना में निकाय चुनाव के लिए 11 फरवरी को मतदान हुआ हुआ था। राज्य में कुल 2,996 वार्डों के लिए 12,930 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें से 14 वार्ड (12 नगर निगम और 2 निगम वार्ड) के प्रतिनिधि बिना किसी विरोध के चुने गए, जबकि एक वार्ड में मतदान रोक दिया गया। राज्य में 52,17,413 वोटरों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया और इस तरह से 73 प्रतिशत से ज़्यादा मतदान हुआ।

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत मतगणना केंद्रों सेंटर के अंदर और आसपास रोक लगा दी गयी है। मतगणना केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में बड़ी भीड़ जमा होने और हथियार ले जाने पर रोक लगा दी गई है। लोकल पुलिस को किसी भी नियम तोड़ने पर तुरंत एक्शन लेने का निर्देश दिया गया है।

इस बीच, तेलंगाना राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने 16 फरवरी, 2026 को नगर पालिकाओं के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष और नगर निगमों के महापौर और उप महापौर के पदों के लिए अप्रत्यक्ष रूप से चुनाव कराने के लिए एक अधिसूचना जारी कर दी है। इन चुनावों के होने तक राज्य में चुनाव आचार संहिता लागू रहेगी।

एसईसी ने इस बीच के समय में कैंप बनाने, बिना इजाज़त के इकट्ठा होने और चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन को रोकने के लिए भी निर्देश जारी किए हैं।

 

 

Next Post

अदालती आदेश के बाद राजपाल यादव को मिला फिल्म उद्योग का समर्थन

Fri Feb 13 , 2026
नयी दिल्ली, 12 फरवरी (वार्ता) चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण करने वाले अभिनेता राजपाल यादव के समर्थन और सहायता के लिए फिल्म उद्योग की कई हस्तियां सामने आयी है। गायक गुरु रंधावा ने घोषणा की है कि वह अपनी आगामी संगीत वीडियो में ‘भूल भुलैया’ के अभिनेता […]

You May Like