नयी दिल्ली, 25 दिसम्बर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं से संवैधानिक संवेदनशीलता की उम्मीद बेमानी है।
श्री सचदेवा ने धार्मिक भावना को आहत करने को लेकर आप के नेता सौरभ भारद्वाज, संजीव झा और आदिल अहमद खान खिलाफ दिल्ली पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज किये जाने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए गुरुवार को कहा कि दिल्लीवासियों द्वारा सत्ता से हटाने के बाद आप के नेता किस स्तर पर जाकर काम कर रहे हैं। वे खुद को खबर में रखने के लिए किस तरह के हथकंडो को अपना रहे हैं, यह प्राथमिकी उसका प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि एक पार्टी (आप) के अध्यक्ष जो विधायक और मंत्री रहे हैं और श्री झा जो अभी भी विधायक है, एक जनप्रतिनिधि के रूप में काम करते हैं, उन्हें अपनी गंभीरता नहीं खोनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आप के जिन तीन नेताओं पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है, उन्होने धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ कर मसखरी करने का एक अशोभनीय कार्य किया है जो किसी भी धर्म के लिए शोभनीय नहीं है। उन्होंने कहा किसी भी धर्म का मज़ाक उड़ाना हर सूरत में ग़लत है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर कोई समाज में अल्पसंख्यक समाज है तो उसका मज़ाक़ उड़ाने का काम आप के नेता करते हैं और वह भी ऐसे समय में जब समाज का त्योहार चल रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए आपके पास किसी भी मुद्दे पर सरकार के खिलाफ विरोध करने का अधिकार है और उसका एक संवैधानिक संवेदनशील तरीका होता है लेकिन आम आदमी पार्टी के नेताओं से इसकी उम्मीद करना बेकार है।
गौरतलब है कि आपके इन नेताओं के दिल्ली प्रदूषण पर व्यंग्य करते हुए सांता क्लॉज को बेहोश होते दिखाया था, जिसको लेकर दिल्ली पुलिस ने इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
