
नयी दिल्ली, 17 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय बोर्ड की बैठक में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां पार्टी कार्यालय पहुंच चुके हैं। इसके अलावा संसदीय बोर्ड की बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी के शीर्ष नेता भी पहुंच चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार इस बैठक में उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नाम पर चर्चा संभव है और नाम को अंतिम रूप देने के बाद इसे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों के सामने रखा जाएगा।
ज्ञात रहे कि राजग संसदीय दल की बैठक मंगलवार को बुलायी गयी है। संसद के इस मानसून सत्र में राजग संसदीय बोर्ड की दूसरी बैठक है। इससे पहले पांच अगस्त को राजग संसदीय बोर्ड की संसद के वर्तमान सत्र में हुई पहली बैठक में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अभिनंदन किया गया था।
