
नयी दिल्ली, 17 अगस्त (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने 11,000 करोड़ रुपये की लागत से बने राष्ट्रीय राजधानी के दो सड़क मार्गों का उद्घाटन करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
श्री सचदेवा ने रविवार को संवाददाताओं से कहा कि केन्द्र सरकार ने द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड (यूईआर)-2 जैसे हाई स्पीड कॉरिडोर का निर्माण का कार्य प्रदेश की पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के समय शुरू किया था और आज उसका लोकार्पण हुआ है। उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि श्री मोदी ने हमेशा दिल्ली के विकास की चिंता की है।
उन्होंने द्वारका एक्सप्रेसवे के दिल्ली खंड, जो शिव मूर्ति से दिल्ली-हरियाणा सीमा तक जाता है और अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (यूईआर-II) का लोकार्पण किए जाने पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का भी आभार जताया और कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर का गवाह दिल्ली के लाखों लोग हुए जिन्होंने एक सुर में बोला धन्यवाद मोदी जी। श्री सचदेवा ने कहा कि पिछले 10 सालों से जो विकास के अधूरे काम दिल्ली में रुके हुए थे अब वह भाजपा की डबल इंजन की सरकार पूरा करने का काम कर रही है। दिल्ली को विकास की नयी रफ्तार देने का काम आज श्री मोदी ने किया है।
उन्होंने कहा कि राजधानी में भीड़भाड़ कम करने के लिए विकसित मार्गों से यातायात में व्यापक सुधार, समय में बचत और दिल्ली तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 10.1 किलोमीटर लंबा द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड लगभग 5,360 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। उन्होंने बताया कि 3.6 किलोमीटर का लंबा एक शानदार टनल भी दिल्ली वालो को भेंट किया गया है। यह खंड यशोभूमि, डीएमआरसी की ब्लू लाइन और ऑरेंज लाइन, आगामी बिजवासन रेलवे स्टेशन और द्वारका क्लस्टर बस डिपो को मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
श्री सचदेवा ने कहा कि यूईआर -2 का अलीपुर से दीछाऊं कलां तक का हिस्सा, बहादुरगढ़ और सोनीपत से नए संपर्कों के साथ, लगभग 5,580 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह दिल्ली की इनर और आउटर रिंग रोड तथा मुकर्बा चौक, धौला कुआं और एनएच-09 जैसे व्यस्त स्थानों पर ट्रैफिक को कम करने में मदद करेगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली को विकास की नई रफ्तार देने के लिए भाजपा की डबल इंजन की सरकार प्रतिबद्ध है और आम आदमी पार्टी के 10 सालों के निष्क्रिय शासन का अंत करके दिल्लीवालों ने जो विकास का मार्ग चुना है, उसे पूरा करने का काम कर रही है।
