नयी दिल्ली, 13 जनवरी (वार्ता) केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड में रांची के मौसीबाड़ी से लापता दो भाई बहिनों से संबंधित मामले की समीक्षा के लिए मंगलवार को राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) के सदस्य सचिव के साथ बैठक की।
आधिकारिक सूचना के अनुसार श्रीमती अन्नपूर्णा देवी इससे पहले लापता बच्चों के आवास पर गई और उनके माता-पिता से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। उन्होंने झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा से भी फोन पर बात की और लापता बच्चों की तत्काल बरामदगी के लिए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
एनसीपीसीआर ने घटना की जानकारी सामने आने के बाद मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए झारखंड पुलिस के महानिदेशक को नोटिस जारी कर बच्चों की शीघ्र बरामदगी कर पांच दिन के भीतर इस मामले में कार्रवाई रिपोर्ट देने को कहा है। एनसीपीसीआर के सदस्य सचिव डॉ. संजीव शर्मा ने जांच की स्थिति के बारे में जानकारी लेने के लिए रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन से बात कर बच्चों की जल्द से जल्द बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए जांच में तेजी लाने का आग्रह किया है।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और एनसीपीसीआर मामले की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं और त्वरित कार्रवाई और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं।
