मुंबई | रियलिटी शो ‘बिग बॉस मराठी 6’ के लेटेस्ट प्रोमो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। शो की सबसे चर्चित गेस्ट कंटेस्टेंट राखी सावंत को बिग बॉस ने अचानक कनफेशन रूम में बुलाकर कड़ी फटकार लगाई। उन पर घर की व्यवस्था को अस्त-व्यस्त करने का आरोप लगाया गया। प्रोमो में दिखाया गया कि बिग बॉस ने एक कठोर फैसला लेते हुए सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिए, जिसके बाद राखी को लगभग पकड़कर और धक्के देकर घर से बाहर कर दिया गया। राखी इस दौरान काफी हैरान दिखीं और पूछती रहीं कि आखिर उनका गुनाह क्या है।
राखी सावंत की इस तरह से अचानक हुई एग्जिट ने दर्शकों के बीच एक नई बहस छेड़ दी है। मांग में सिंदूर लगाए और विवादित अंदाज में नजर आ रहीं राखी की विदाई को कई लोग स्क्रिप्टेड बता रहे हैं। इंटरनेट यूजर्स का दावा है कि राखी केवल एक हफ्ते के लिए गेस्ट के तौर पर शो में आई थीं और उनका तय समय पूरा होने के बाद शो की टीआरपी बढ़ाने के लिए इस तरह का नाटकीय मोड़ दिया गया है। वहीं, कुछ अन्य लोगों का मानना है कि घर के नियमों के उल्लंघन और अनुशासनहीनता की वजह से बिग बॉस को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा।
शो के पांचवें हफ्ते में हुई इस घटना ने ‘बिग बॉस मराठी 6’ को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। हाल ही में आयुष संजीव और करण सोनावने के एलिमिनेशन के बाद अब घर में केवल 12 सदस्य बचे हैं। राखी की इस विवादित विदाई के बाद अब दर्शकों में इस बात को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है कि क्या यह वास्तव में उनकी परमानेंट एग्जिट है या फिर कोई नया सीक्रेट रूम वाला ट्विस्ट आने वाला है। यह शो सोमवार से शुक्रवार रात 10:30 बजे कलर्स मराठी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रहा है।

