जनसुनवाई में हाई-वोल्टेज ड्रामा, लापता विवाहिता के पति ने कलेक्ट्रेट गेट पर आरोपी के जीजा को दबोचा

गुना: धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम टोड़ी में एक विवाहिता के लापता होने के मामले को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में हंगामा हो गया। जनसुनवाई में शिकायत करने पहुंचे विवाहिता के पति और उसके परिजनों की आरोपी पक्ष के एक रिश्तेदार से कहासुनी के बाद झूमाझटकी हो गई। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार ग्राम टोड़ी निवासी संतोष यादव ने अपनी पत्नी रवीना यादव के 20 जून से लापता होने की शिकायत धरनावदा थाने में दर्ज कराई है। संतोष का आरोप है कि गांव का ही निवासी बृजभान यादव उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। संतोष के अनुसार घटना के समय वह एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गुना आया हुआ था।
परिवार का कहना है कि पत्नी की तलाश और मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर वह मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचा था। पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट होने की बात कहते हुए संतोष अपनी मां के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचा था।
इसी दौरान कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर उसे बृजभान यादव का जीजा बलवीर यादव दिखाई दिया। संतोष और उसकी मां ने बलवीर से रवीना के संबंध में जानकारी मांगी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में झूमाझटकी में बदल गई।
कलेक्ट्रेट गेट पर हुए हंगामे को देखकर वहां मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग कराया और स्थिति को नियंत्रित किया।
वहीं, बलवीर यादव का कहना है कि उसके साले बृजभान यादव पर महिला को साथ ले जाने का आरोप लगाया जा रहा है, लेकिन उसे इस मामले की जानकारी नहीं है। उसने यह भी कहा कि उसका इस घटना में कोई सहयोग या भूमिका नहीं है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

भरोसे और रणनीति के खेल ‘एलायंस’ का ट्रेलर रिलीज

Tue Jun 23 , 2026
मुंबई, 23 जून (वार्ता) प्राइम वीडियो ने अपने नए रियलिटी शो ‘एलायंस’ का ट्रेलर जारी कर दिया है। अभिनेता कुणाल खेमू की मेजबानी वाले इस शो का प्रीमियर 26 जून को भारत सहित दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में किया जाएगा। बानिजय एशिया निर्मित यह हिंदी अनस्क्रिप्टेड […]

You May Like