भरोसे और रणनीति के खेल ‘एलायंस’ का ट्रेलर रिलीज

मुंबई, 23 जून (वार्ता) प्राइम वीडियो ने अपने नए रियलिटी शो ‘एलायंस’ का ट्रेलर जारी कर दिया है। अभिनेता कुणाल खेमू की मेजबानी वाले इस शो का प्रीमियर 26 जून को भारत सहित दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में किया जाएगा। बानिजय एशिया निर्मित यह हिंदी अनस्क्रिप्टेड सीरीज छह सप्ताह तक चलेगी और इसके कुल 42 एपिसोड होंगे। शो के नए एपिसोड प्रतिदिन दोपहर 12 बजे स्ट्रीम किए जाएंगे। शो में मनोरंजन जगत की चर्चित हस्तियां रणनीति, हेरफेर और सर्वाइवल के हाई-स्टेक्स मुकाबले में भाग लेती नजर आएंगी।

एक अत्याधुनिक अंडरग्राउंड फैसिलिटी में आधारित इस शो में 16 प्रतिभागी आठ जोड़ियों के रूप में खेल में प्रवेश करेंगे। प्रतिभागियों को शारीरिक और बौद्धिक चुनौतियों, सीक्रेट मिशनों तथा रणनीतिक खेल का सामना करना होगा। शो में वफादारी, भरोसा और गठबंधन लगातार परीक्षा के दौर से गुजरेंगे, जहां करीबी साथी भी प्रतिद्वंद्वी बन सकते हैं। शो के होस्ट कुणाल खेमू ने कहा, “एलायंस किसी भी ऐसे रियलिटी शो जैसा नहीं है जिसे मैं जानता हूं। यह केवल चुनौतियां जीतने का खेल नहीं, बल्कि रिश्तों को निभाने, कठिन फैसले लेने और बदलते हालात के अनुसार खुद को ढालने की परीक्षा है। रियलिटी शो के होस्ट के रूप में मेरा यह पहला अनुभव बेहद रोमांचक रहा है।”

शो में अभिनेता रवि किशन अपनी बेटी रीवा किशन के साथ हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा कुशल टंडन-अर्सलान गोनी, ज़ैद दरबार-डेज़ी शाह, मिनी माथुर-निखिल चिनापा, रूही दोसानी-नीति टेलर, वंशज सिंह-डॉली जावेद, पायल गेमिंग-सैबी सूरी तथा डेलबार आर्या-अरमान खेरा की जोड़ियां भी प्रतियोगिता में नजर आएंगी। निर्माताओं के अनुसार ‘एलायंस’ भरोसे, ताकत और अस्तित्व की लड़ाई पर आधारित एक अनूठा रियलिटी शो है, जिसमें बदलते समीकरण, रणनीतिक चालें और अप्रत्याशित मोड़ दर्शकों को लगातार बांधे रखेंगे।

.....

Next Post

सीएम डॉ यादव से हिंदुस्तान कोका-कोला बेवरेजेस के सीईओ हेमंत रुपानी की मुलाकात

Tue Jun 23 , 2026
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मंगलवार को मंत्रालय में हिंदुस्तान कोका-कोला बेवरेजेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) हेमंत रुपानी ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री और हेमंत रुपानी के बीच प्रदेश में उद्योग, निवेश और व्यवसायिक संभावनाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान प्रदेश […]

You May Like