
भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सफाई मजदूर प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जयराज सिंह चौहान को दूसरी बार पद का दायित्व सौंपा है। पदभार ग्रहण करते ही चौहान ने पूर्व कार्यकारिणी को भंग कर दिया और घोषणा की कि शीघ्र ही नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा ताकि संगठन को और मजबूत बनाया जा सके।
इस संवाददाता से बातचीत में चौहान ने बताया कि वह 11 सूत्रीय मिशन को लागू करने के संकल्प के साथ काम करेंगे, जिसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सफाईकर्मियों और श्रमिकों का जीवन स्तर सुधारना है। उन्होंने कहा कि “कॉन्ट्रैक्ट कल्चर” तत्काल बंद होना चाहिए क्योंकि यह श्रमिकों के सम्मान और अधिकारों के खिलाफ है।
चौहान ने स्पष्ट किया कि वे राज्य की भाजपा सरकार से अधिक संख्या में सफाईकर्मियों और श्रमिकों की भर्ती की मांग करेंगे, ताकि नगर निगम और संबंधित सेवाओं में मानव संसाधन की कमी को दूर किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि संविदा श्रमिकों को नियमित किया जाए और उन्हें स्थायी सरकारी कर्मचारियों के समान सुविधाएं व सुरक्षा मिले।
वित्तीय लाभों को अहम मुद्दा बताते हुए चौहान ने कहा कि सफाईकर्मियों और श्रमिकों को अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह अतिरिक्त भत्ते और लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि सफाई मजदूर सेल श्रमिकों की आवाज बुलंद करने का कार्य करता रहेगा।
