
सिंगरौली। कोतवाली बैढ़न थाना क्षेत्र के कचनी इलाके में बीती रात करीब 1:45 बजे रेत ठेकेदार और कथित अवैध रेत कारोबारियों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। जानकारी के अनुसार, ग्लोबल साहाकार कंपनी के ठेकेदार के गुर्गों ने बलेनो कार (एमपी 66 सीए 0793) में सवार युवकों पर लाठी-डंडों और रॉड से हमला किया और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की। पीड़ित गोविंद बैस ने बताया कि वे अपने बीमार रिश्तेदार को अस्पताल में देखने जा रहे थे, तभी कचनी में उन्हें घेरकर हमला किया गया।
उधर, ठेकेदार पक्ष का आरोप है कि गोविंद और उसके साथी पहले तेलदह चेकप्वाइंट पहुंचे और वहां कंपनी कर्मचारियों से मारपीट की। दोनों पक्षों ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने गोविंद की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। वहीं फरियादियों ने आरोप लगाया कि स्कॉर्पियो गाड़ियों की नंबर प्लेट कोतवाली पहुंचने के बाद हटा दी गई, जिससे पुलिस पर पक्षपात के आरोप लग रहे हैं। मामले की जांच जारी है।
