सिंगरौली: जिले में मानवीयता और संवेदनशीलता का हृदयस्पर्शी उदाहरण सामने आया है, जहाँ प्रशासन, सामाजिक संस्था और उद्योग ने मिलकर एक नेत्रहीन युवा कलाकार के जीवन में नई आशा जगाई है।कलेक्टर गौरव बैनल नव प्रवाह समिति और हिंडाल्को महान बरगवां की संयुक्त पहल पर संतोष सिंह गहरवार को स्केल चेंजर हारमोनियम प्रदान किया। संतोष ने कलेक्टर के समक्ष अपनी सुरीली प्रस्तुति दी, जिसकी मधुरता ने सभी को प्रभावित किया।
उनकी प्रतिभा और सुरों की गहराई को सुनकर कलेक्टर गौरव बैनल ने न केवल संतोष के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं, बल्कि अपनी ओर से उन्हें स्केल चेंजर हारमोनियम भेंट कर उनका उत्साह दोगुना कर दिया। वहीं नव प्रवाह समिति के अध्यक्ष अमित द्विवेदी ने कलेक्टर और हिंडाल्को महान का आभार व्यक्त किया। कलेक्टर ने कलाकार संतोष से कहा कि आपका जीवन युवाओं के लिए एक प्रेरणा का श्रोत है।
मैं आपके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं । इसी तरह पूरे आत्मविश्वास से अपनी प्रतिभा बिखेरते रहे खुद को और बेहतर बनाने के साथ-साथ दूसरों को भी इस कला की शिक्षा दें। संतोष की कहानी इस बात का प्रमाण है कि दिव्यांगता बाधा नहीं, बल्कि हौसले की पहचान है और जब समाज साथ खड़ा हो, तो हर सपना सुर बनकर गूंजता है।
