नयी दिल्ली, 12 फरवरी (वार्ता) विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि पिछले साल अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे की जांच अभी जारी है और किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंची है।
ब्यूरो ने मीडिया को अटकलबाजी से बचने की हिदायत दी है। उसने कहा कि एआई-171 विमान हादसे की जांच एयरक्राफ्ट रूल्स, 2025 और अंतर्राष्ट्रीय नागर विमानन संगठन के एनेक्स 13 के अनुरूप की जा रही है। उसने कहा है कि विमान दुर्घटनाओं की जांच तकनीकी होती है जिसमें साक्ष्यों के आधार पर हादसे के कारण की जांच और सुरक्षा बढ़ाने के उपाय किये जाते हैं।
पिछले साल 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 दुर्घटनाग्रस्त हो गयी थी। उड़ान भरते ही विमान ऊंचाई हासिल नहीं कर सका और एक मेडिकल कॉलेज के छात्रावास की इमारत से टकरा गया। विमान में आग लग गयी।
विमान में सवार 241 लोगों और जमीन पर मौजूद 19 लोगों की मौत हो गयी थी। चामत्कारिक रूप से एक मात्र यात्री मामूली चोटों के साथ जीवित बचा था। एएआईबी का कहना है कि उसने तात्कालिक साक्ष्यों और जानकारी के आधार पर प्राथमिक रिपोर्ट साझा की थी। जांच पूरी होने पर अंतिम रिपोर्ट जारी की जायेगी।
