
मुंबई, 24 सितंबर (वार्ता) निर्माता गौरव वर्मा ने कहा है कि आगामी फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ में सात गानों का एल्बम रखना एक सोच-समझकर लिया गया फैसला है।गौरव वर्मा का मानना है कि संगीत कहानी और किरदारों की भावनाओं को दर्शकों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। गौरव वर्मा ने कहा कि ‘प्रेम कीटाणु’ छोटे शहर से बड़े शहर पढ़ाई और अपनी स्वतंत्र जिंदगी की तलाश में आने वाले युवाओं की कहानी है। फिल्म में दोस्ती, पहला प्यार, एकतरफा प्यार और दिल टूटने जैसे अनुभवों को दिखाया गया है।उन्होंने कहा कि फिल्म की स्क्रिप्ट के साथ ही संगीत पर भी काम शुरू कर दिया गया था। उनके अनुसार, संगीत लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा रहा है और फिल्मों से दर्शकों का पहला जुड़ाव भी अक्सर उनके गानों के माध्यम से होता था।
गौरव ने बताया कि फिल्म में कई नए और कम पहचाने जाने वाले कलाकार हैं। ऐसे में संगीत उनके लिए दर्शकों के बीच पहचान बनाने का जरिया भी बनेगा। उन्होंने कहा कि फिल्म के गाने केवल मनोरंजन के लिए नहीं हैं, बल्कि कहानी को आगे बढ़ाने और किरदारों की भावनाओं को व्यक्त करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अपूर्व सिंह कार्की निर्देशित ‘प्रेम कीटाणु’ का निर्माण गौरव वर्मा ने अवनीका फिल्म्स के बैनर तले किया है। फिल्म में वीर पहाड़िया, आफिया सैयद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय प्रमुख भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म दो अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
