
छतरपुर। नगर में सोमवार 9 फरवरी को युवा रैकवार समाज के लोगों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को आवेदन सौंपा। दोपहर करीब 1:30 बजे समाज के सदस्य एकत्र होकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने तालाबों और बांधों से कथित माफियाओं का कब्जा हटाने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिले के कई तालाबों और बांधों पर मछुआरा माफियाओं का कब्जा है, जिसके कारण वास्तविक और गरीब मछुआरे लाभ से वंचित रह जाते हैं। समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोग पूरे संसाधनों का लाभ उठा रहे हैं, जबकि उनके समाज के जरूरतमंद परिवार दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
युवा रैकवार समाज ने प्रशासन से मांग की है कि तालाबों और बांधों का संचालन पारदर्शी तरीके से किया जाए तथा पात्र गरीब मछुआरों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें अधिकार दिलाए जाएं। प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
