पल्लेकेले, 16 फरवरी (वार्ता) कप्तान मिचेल मार्श (54) और ट्रेविस हेड (56) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने सोमवार को टी-20 विश्वकप के 30वें मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ नौ विकेट पर 181 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। आज यहां श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 104 रन जोड़कर बड़े स्कोर की नींव रखी। नौवें ओवर में दुशान हेमंता ने ट्रेविस हेड को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
ट्रेविस हेड ने 29 गेंदों में सात चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 56 रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में दुनित वेल्लालगे ने कैमरन ग्रीन (तीन) का शिकार कर लिया। 11वें ओवर में हेमंता ने मिचेल मार्श को आउट कर श्रीलंका को तीसरी सफलता दिलाई। मिचेल मार्श ने 27 गेंदों में आठ चौके और दो छक्के लगाते हुए 54 रन बनाये। इसके बाद जॉश इंग्लिस (22) और ग्लेन मैक्सवेल (27) को छोड़कर ऑस्ट्रेलिया का कोई भी बल्लेबाजी श्रीलंकाई गेंदबाजी आक्रमण आगे दहाई आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 181 रन का स्कोर खड़ा किया। श्रीलंका के लिए दुशान हेमंता ने तीन और दुश्मांता चमीरा ने दो विकेट लिये। महीश तीक्ष्णा, दुनित वेल्लालगे और कामिंडु मेंडिस ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

