
भोपाल: भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में महाप्रबंधक एवं प्रमुख प्रदीप कुमार उपाध्याय ने पोलावरम हाइड्रो पावर प्लांट परियोजना की यूनिट-1 के लिए निर्मित बॉटम शाफ्ट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी विकास खरे, महाप्रबंधक (ईएम); रूपेश तेलंग, महाप्रबंधक (फीडर एवं ट्रांसफॉर्मर); जी.पी. बघेल, महाप्रबंधक (क्वालिटी); आलोक सेंगर, महाप्रबंधक (फैब्रिकेशन); जे. चटर्जी, महाप्रबंधक (हाइड्रो); नरेश सिंह, अतिरिक्त महाप्रबंधक (ईएम) सहित एचजीएम विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
लगभग 62 मीट्रिक टन वजनी यह बॉटम शाफ्ट अब तक निर्मित सबसे भारी हाइड्रो जनरेटर शाफ्ट है। इसका संपूर्ण मशीनिंग कार्य एचजीएम विभाग के ब्लॉक-2 मशीन शॉप में संपन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि आंध्र प्रदेश के एलुरु जिले में गोदावरी नदी पर निर्माणाधीन 960 मेगावाट की पोलावरम हाइड्रो पावर परियोजना के लिए बीएचईएल अब तक का सबसे बड़ा हाइड्रो जनरेटर तैयार कर रहा है।
