रेलवे ने नौ प्रतिशत वृद्धि के साथ जुलाई में की 14.10 करोड़ टन माल की ढुलाई

नयी दिल्ली 03 अगस्त (वार्ता) भारतीय रेलवे ने इस साल जुलाई महीने में 14.10 करोड़ टन से ज़्यादा माल की ढुलाई की है, जो गत वर्ष के इसी महीने की तुलना में नौ प्रतिशत अधिक है। रेलवे ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस बार जुलाई महीने में यात्री परिवहन के क्षेत्र में भी उसका प्रदर्शन शानदार रहा।
रेलवे ने इस साल जुलाई महीने में 63.35 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह आंकड़ा 62.19 करोड़ था। उपनगरीय और गैर-उपनगरीय दोनों ही क्षेत्रों में यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। विज्ञप्ति के अनुसार इस बार जुलाई माह के दौरान माल ढुलाई 14.13 करोड़ टन रही जबकि पिछले साल इसी महीने में यह आंकड़ा 12.97 करोड़ टन था। इस तरह सालाना आधार पर जुलाई में माल ढुलाई नौ प्रतिशत अधिक हुई। विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह शानदार प्रदर्शन अर्थव्यवस्था के मुख्य क्षेत्रों की मांग और माल ढुलाई कार्य की क्षमता बेहतर करने के रेलवे के लगातार प्रयासों का परिणाम है।

इस साल जुलाई महीने में लौह अयस्क की ढुलाई में सालाना आधार पर 22.2 प्रतिशत, कोयले में 11.5 प्रतिशत, खाद्यान्न में 11.5 प्रतिशत, उर्वरकों में 12 प्रतिशत और अन्य सामानों की ढुलाई में 12.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है, जो बुनियादी ढांचे, विनिर्माण और कृषि क्षेत्रों से मज़बूत मांग को दर्शाता है। ताताप विद्युत संयंत्रों में कोयले की मांग बढ़ने के कारण भारतीय रेलवे ने पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक घरेलू कोयले की आपूर्ति की है।
रेलवे को माल ढुलाई से इस साल जुलाई में गत वर्ष जुलाई से 11.37 अरब रुपये अधिक की कमाई हुई है। माल ढुलाई से होने वाली कमाई में पूर्व मध्य रेलवे (33 प्रतिशत), पश्चिम रेलवे (33 प्रतिशत), पश्चिम मध्य रेलवे (23 प्रतिशत) और दक्षिण पूर्व रेलवे (10.33 प्रतिशत) ने बढ़ोतरी दर्ज की है। रेलवे ने कहा कि वह माल ढुलाई प्रणाली को मज़बूत करने, यात्री सेवाओं को बेहतर बनाने और आधुनिक रेल अवसंरचना का विस्तार करने की लगातार कोशिश कर रही है।

Next Post

फार्मा कंपनी एनक्यूब एथिकल्स लायेगी 3,000 करोड़ का आईपीओ, सेबी के पास जमा कराया डीआरएचपी

Mon Aug 3 , 2026
नयी दिल्ली, 03 अगस्त (वार्ता) मुंबई स्थित फार्मा कंपनी एनक्यूब एथिकल्स ने अपने प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास प्रारूप रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया है। mकंपनी ने सोमवार को बताया कि आईपीओ में एक रुपये अंकित मूल्य […]

You May Like