शंकराचार्य को जान से मारने की धमकी के मामले में मुकदमा दर्ज

वाराणसी, 11 अप्रैल (वार्ता) ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में भेलूपुर थाने में शनिवार को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(4) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

धमकी देने वाले ने ऑडियो मैसेज के माध्यम से कहा था कि शंकराचार्य को अतीक अहमद की तरह मार दिया जाएगा और उनका समय नजदीक आ गया है। पुलिस के अनुसार, शंकराचार्य को धमकी दिए जाने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान धमकी भेजने वाले मोबाइल नंबर की भी पहचान की जा रही है।

शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि हाल ही में ज्योतिष पीठ के आधिकारिक मोबाइल नंबर पर एक अप्रैल से लगातार टेक्स्ट मैसेज आने शुरू हुए थे। नंबर को ब्लॉक करने के बाद छह अप्रैल को वॉइस मेल में दो धमकी भरे ऑडियो संदेश भेजे गए।

धमकी देने वाले ने ऑडियो में कहा, “इस दुनिया से उनका समय आ गया है, अब ज्यादा दिन नहीं रह सकते।” बार-बार शंकराचार्य जी महाराज से बात करने का दबाव बनाया गया। संदेश में यह भी कहा गया कि जहां भी वे यात्रा कर रहे हैं, बीच रास्ते में ही उन्हें खत्म कर दिया जाएगा। धमकी देने वाले ने दावा किया कि “मेरे जैसे लाखों लोग हैं, जो उन्हें मारने के लिए तैयार हैं।”

संजय पांडेय ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज देश भर में ‘गौ माता – राष्ट्र माता’ अभियान चला रहे हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भारत से गौ-हत्या को पूरी तरह बंद कराना है।

इसी क्रम में आगामी मई महीने से उत्तर प्रदेश की हर विधानसभा क्षेत्र में उनकी ‘गौविष्ठी यात्रा’ प्रारंभ होने वाली है। यात्रा के दौरान वे लोगों को गौ रक्षा के लिए जागरूक करेंगे तथा हर विधानसभा क्षेत्र में ‘रामा गौ धाम’ के निर्माण के लिए प्रेरित करेंगे।

 

Next Post

ईडी ने बंगाल के पूर्व मंत्री के घर मारा छापा, भर्ती मामले में फिर से पूछताछ की संभावना

Sat Apr 11 , 2026
कोलकाता, 11 अप्रैल (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पूर्व नेता पार्थ चटर्जी के कोलकाता स्थित नकतला आवास पर शनिवार को छापेमारी की। यह कार्रवाई स्कूल शिक्षक भर्ती घोटाले से जुड़े धन-शोधन जांच का हिस्सा है। केंद्रीय एजेंसी आगामी विधानसभा […]

You May Like