
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप और मुलाकात का समय मांगा है।
पटवारी ने कहा कि 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत केंद्रीय करों में राज्य की हिस्सेदारी 7.85 प्रतिशत से घटाकर 7.35 प्रतिशत कर दी गई है। इससे वर्ष 2026 से 2031 के बीच प्रदेश को लगभग 50 हजार करोड़ रुपये के संभावित राजस्व नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यह कटौती विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रभावित कर सकती है, खासकर तब जब राज्य पर कुल सार्वजनिक ऋण 5.31 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जो वार्षिक बजट से भी अधिक है।
चालू वित्तीय वर्ष में उधारी 72,900 करोड़ रुपये तक पहुंचने और बड़ी राशि के अव्ययित रहने पर उन्होंने वित्तीय अनुशासन पर सवाल उठाए। 18 फरवरी को प्रस्तुत होने वाले बजट से पहले कांग्रेस ने केंद्र सरकार से कर-वितरण की समीक्षा और वित्तीय निगरानी मजबूत करने की मांग की है।
