
बीना। शहर में रेबीज के संक्रमण से एक शख्स की मौत हो गई। बीना निवासी 45 वर्षीय रोशन खान को करीब 6 महीने पहले एक कुत्ते ने काट लिया था। परिजनों के अनुसार, रोशन खान को सिविल अस्पताल में रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए थे। हालत नहीं सुधरने पर उन्हें भोपाल एम्स में एडमिट कराया गया था।जब हालत में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें एक हफ्ते पहले एम्स से डिस्चार्ज कर दिया था। परिजनों का कहना है कि बीते तीन-चार दिन से उनकी हालत बेहद खराब थी। उनके मुंह से लगातार लार निकल रही थी। वे जीभ बाहर निकाले रहते थे। अजीब तरह का व्यवहार कर रहे थे। मंगलवार रात उनकी मौत हो गई।नगरपालिका पर लगाया आरोप रोशन के परिजनों ने नगर पालिका पर कुत्तों की आबादी नियंत्रित करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नगर पालिका न तो आवारा कुत्तों की नसबंदी करवा रही है और न ही उनकी संख्या पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस नीति बना रही है, जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। इधर,11 महीने में 2100 को काटा सिविल अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में डॉग बाइट के 2100 से अधिक मामले सामने आए हैं। औसतन हर दिन 6 लोग कुत्तों के शिकार हो रहे हैं। माहवार आंकड़ों के मुताबिक,जनवरी में 288, फरवरी में 236, मार्च में 222, अप्रैल में 169, मई में 168, जून में 185, जुलाई में 178, अगस्त में 160, सितंबर में 143,अक्टूबर में 126, नवंबर में 183 और दिसंबर में 71 मामले दर्ज किए गए।
