
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को राजधानी भोपाल में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर कार्यक्रम को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा, विकास और सांस्कृतिक गौरव के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों से नए भारत की ताकत और आत्मविश्वास का संदेश दुनिया तक पहुंचा है। देश में सड़क, रेलवे, मेट्रो, डिजिटल सेवाओं और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने राजनीतिक स्थिरता, पारदर्शी शासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का अनुभव किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं को गरीबों तक पहुंचाने की बात कही।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में करोड़ों गरीब परिवारों के जीवन में बदलाव आया है। वहीं डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
