ज़ी स्टूडियोज़ ने ‘इंद्रपुत्र’ की घोषणा की, किरण अब्बावरम निभाएंगे मुख्य भूमिका

मुंबई, 10 अगस्त (वार्ता) ज़ी स्टूडियोज़ ने अपनी पैन-इंडिया पौराणिक एक्शन-फैंटेसी फिल्म ‘इंद्रपुत्र’ की घोषणा की है, जिसमें अभिनेता किरण अब्बावरम मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन श्रीकांत पुप्पाला करेंगे और इसकी मुख्य शूटिंग अक्टूबर से शुरू होगी। भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरित ‘इंद्रपुत्र’ को एक बड़े पौराणिक यूनिवर्स के पहले अध्याय के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। फिल्म में पौराणिक कथा, फैंटेसी और एक्शन का संगम देखने को मिलेगा तथा इसकी कहानी ‘धर्म’ और ‘अधर्म’ के बीच संघर्ष से प्रेरित होगी।

श्रीकांत पुप्पाला ने इससे पहले ‘कांतारा’ की सफलता में योगदान दिया है और ‘इंद्रपुत्र’ के साथ निर्देशन के क्षेत्र में कदम रख रहे हैं। फिल्म में किरण अब्बावरम एक अलग और पहले कभी नहीं देखे गए अवतार में दिखाई देंगे। निर्माताओं के अनुसार, भूमिका के लिए अभिनेता को भावनात्मक और शारीरिक स्तर पर विशेष तैयारी करनी होगी। किरण अब्बावरम ने कहा कि ‘इंद्रपुत्र’ उनके अब तक के काम से बिल्कुल अलग फिल्म है। कहानी सुनने के बाद उन्हें लगा कि यह भूमिका उन्हें अभिनेता के रूप में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि किरदार के लिए भावनात्मक गहराई के साथ शारीरिक बदलावों की भी जरूरत है और वह इसे पर्दे पर जीवंत करने के लिए उत्साहित हैं।

श्रीकांत पुप्पाला ने कहा कि ‘इंद्रपुत्र’ लंबे समय से उनके दिल के करीब रहा सपना है। भारतीय पौराणिक कथाओं की कालजयी कहानियों से प्रेरित इस फिल्म को भव्य स्तर पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यह देशभर के दर्शकों से भावनात्मक रूप से जुड़ सके। निर्माता प्रेर्णा अरोड़ा ने कहा कि ‘इंद्रपुत्र’ एक विस्तृत पौराणिक यूनिवर्स की शुरुआत है, जिसे भारतीय पौराणिक कथाओं की समृद्धि और समकालीन दृष्टिकोण के साथ तैयार किया जा रहा है। ज़ी स्टूडियोज़ और प्रेरणा अरोड़ा द्वारा निर्मित तथा कीर्तन के सह-निर्माण में बन रही यह फिल्म फिलहाल प्री-प्रोडक्शन में है। फिल्म के अन्य कलाकारों, तकनीकी टीम और रिलीज की तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।

.....

Next Post

दमोह पुलिस ने निकाली भव्य तिरंगा मोटरसाइकिल यात्रा

Mon Aug 10 , 2026
दमोह। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता व राष्ट्र गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार 10 अगस्त को पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगि (भापुसे) के नेतृत्व में दमोह पुलिस द्वारा भव्य तिरंगा मोटरसाइकिल यात्रा निकाली गई।तिरंगा यात्रा में दमोह पुलिस की लगभग […]

You May Like