नयी दिल्ली, 21 अगस्त (वार्ता) आम आदमी पार्टी ने कहा कि दिल्ली में हर तरफ गंदगी फैली है और भाजपा का दिल्ली को कूड़े से आजादी दिलाने का अभियान महज फोटो शूट बनकर रह गया है।
दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने गुरुवार को कहा कि बुधवार को निगम मुख्यालय में स्थाई समिति की बैठक हुई थी, जिसमें जब कूड़े के मुद्दे पर चर्चा हुई तो यह बात सामने आई कि दिल्ली में ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ नामक एक महीने का अभियान चल रहा है, जिसे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महापौर राजा इकबाल सिंह के साथ मिलकर शुरू किया था। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी शुरू से कहती आई है, यह अभियान महज एक दिखावा है। महापौर या मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता उन स्थानों पर जाकर फोटो खिंचवाते हैं, जो पहले से ही हमारे कर्मठ सफाई कर्मचारियों द्वारा साफ किए जा चुके होते हैं।
श्री नारंग ने कहा कि निगम आयुक्त ने भी माना कि सेंट्रल जोन, साउथ जोन और वेस्ट जोन में कूड़े की समस्या गंभीर है। मैंने सिविल लाइंस जोन का भी जिक्र किया, जहां मजलिस पार्क और वजीराबाद के रामघाट में कूड़े का ढेर पड़ा है। यहां तक कि महापौर के घर के आसपास भी कूड़ा जमा है।
उन्होंने कहा कि मैं भाजपा से सवाल पूछना चाहता हूं कि आज दिल्ली में उनकी चार इंजन की सरकार है। केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार, निगम और उपराज्यपाल सभी उनके नियंत्रण में हैं। निगम अधिनियम में संशोधन करके उन्होंने सारी शक्तियाँ केंद्र सरकार को दे दीं फिर केंद्र से धन लाने में क्या दिक्कत हो रही है? आयुक्त किस बात की दुहाई दे रहे हैं कि अब निगम के पास पैसा नहीं है? भाजपा ने खुद कहा था कि जब वे हर स्तर पर सत्ता में होंगे, तो दिल्ली और निगम में अच्छे काम कर पाएंगे।
आप नेता ने कहा कि जब से भाजपा दिल्ली सरकार और निगम में सत्ता में आई है, तब से उसके कार्यकाल में हर एक सड़क कूड़े में तब्दील होती जा रही है । आम आदमी पार्टी की यह पुरजोर मांग है कि भाजपा की निगम और दिल्ली सरकार, केंद्र सरकार से धन लेकर आए। निगम को सुचारू रूप से चलाएं और आगे यह बहाना न बनाएं कि पैसे की कमी के कारण एमसीडी में जगह-जगह कूड़ा जमा हो रहा है।
