नयी दिल्ली, 26 सितंबर (वार्ता) दिल्ली के उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार नयी औद्योगिक नीति, नयी स्टार्टअप नीति, नयी निर्यात प्रोत्साहन नीति और दिल्ली ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक-2026 पर काम कर रही है। श्री सिरसा ने आज यहां ‘उद्यम संवाद 2026’ के उद्घाटन के बाद कहा कि सरकार ऐसा इकोसिस्टम विकसित करना चाहती है, जिसमें उद्यमी को अपने कारोबार की दिशा तय करने पर ध्यान देना हो और सरकार लाइसेंस एवं पंजीकरण से लेकर बाजार, खरीदारों तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक पहुंच बनाने में सहयोग करे। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार नयी औद्योगिक नीति, नई स्टार्टअप नीति, नई निर्यात प्रोत्साहन नीति और दिल्ली ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक-2026 पर काम कर रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में दिल्ली के कारोबारियों की पहुंच बढ़ाने के लिए एक्सपोर्ट प्रमोशन सेल भी स्थापित किया जा रहा है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार महिला उद्यमियों, खासकर घर से कारोबार संचालित करने वाली महिलाओं के लिए समर्पित सहायता तंत्र विकसित करने पर काम कर रही है। ऐसी महिलाओं में कारोबार और सेवाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ने की बड़ी क्षमता है। सरकार की ओर से समर्पित सहायता टीम पंजीकरण और अन्य आवश्यकताओं में उनका सहयोग करेगी, ताकि वे औपचारिक व्यावसायिक व्यवस्था से आसानी से जुड़ सकें। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने की योजनाओं की भी जानकारी दी। अनधिकृत औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क सुधार के लिए निविदाएं जारी की गयी हैं। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदर्शनी केंद्र और बिजनेस फैसिलिटेशन स्पेस विकसित करने की योजना है, जिससे उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने, संभावित ग्राहकों से जुड़ने और नए कारोबारी अवसर तलाशने में मदद मिलेगी।
श्री सिरसा ने कहा कि सरकार की भूमिका केवल योजनाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उद्यमियों को नये बाजारों तक पहुंच बनाने में भी सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली के उद्यमियों को उन देशों में अपने उत्पाद बेचने में सहायता दी जाएगी, जिनके साथ भारत के मुक्त व्यापार समझौते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘न्यूनतम सरकार, अधिकतम सुशासन’ के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार प्रक्रियागत चुनौतियों को कम करने और उद्यमियों को प्रभावी हैंडहोल्डिंग उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।

