भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने जनवरी 2026 में मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महाराष्ट्र में फंसे 36 मजदूरों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके परिजनों से मिलवाया। संयुक्त कार्रवाई में विदिशा और अशोकनगर पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए उन सूचनाओं पर कार्य किया, जिनमें ताया गया था कि मजदूरों को रोजगार के नाम पर राज्य से बाहर ले जाया गया और उनसे कथित रूप से शोषणपूर्ण परिस्थितियों में काम कराया जा रहा है।
विदिशा जिले के थाना दीपनाखेड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बरबटपुर के करीब 20 मजदूर महाराष्ट्र में फंसे हुए हैं और घर लौटने में असमर्थ हैं। इसी तरह अशोकनगर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों से 16 मजदूरों के भी महाराष्ट्र में फंसे होने की जानकारी प्राप्त हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की गई, जिसमें उनकी मौजूदगी महाराष्ट्र के धाराशिवा जिले के वाशी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिरोली में होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद दोनों जिलों की संयुक्त पुलिस टीम महाराष्ट्र पहुंची, मजदूरों से संपर्क स्थापित किया और बस व रेल के माध्यम से उन्हें सुरक्षित वापस लाया। रेस्क्यू किए गए मजदूरों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल थे। यह कार्रवाई श्रमिकों, आदिवासी वर्ग और कमजोर तबकों की सुरक्षा के प्रति मध्यप्रदेश पुलिस की प्रतिबद्धता और सामाजिक दायित्व को दर्शाती है।
