इंदौर: मधुमिलन चौराहा पर मनमाने तरीके से बसें खड़ी कर सवारियां बैठाने वाले बस संचालकों पर शुक्रवार को आरटीओ और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सख्त कार्रवाई की. चौराहे पर अचानक पहुंचे अफसरों ने कई बसों को पकड़ लिया और चालानी कार्रवाई की.बस संचालक यात्रियों को सुविधा देने के नाम पर बीच चौराहे पर बस रोककर चढ़ाना-उतारना कर रहे थे.
इससे यातायात बाधित हो रहा था और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी. कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ बस मालिकों ने एक-दूसरे को फोन कर मधुमिलन की ओर बसें नहीं भेजने की सूचना दी, लेकिन तब तक कई बसें अधिकारियों की जद में आ चुकी थीं. अधिकारियों का कहना है कि यातायात व्यवस्था में अवरोध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
