
रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने जब एक्सेल एंटरटेनमेंट की शुरुआत की थी, तब दोनों 26 वर्ष के थे। वर्ष 2001 में प्रदर्शित कंपनी की पहली फिल्म ‘दिल चाहता है’ युवा सोच और दोस्ती पर आधारित अलग तरह की कहानी के लिये चर्चित हुई थी। फिल्म ने एक्सेल एंटरटेनमेंट को नई और मौलिक कहानियों के साथ पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कंपनी के अनुसार, ‘एक्सेल ओरिजिन्स’ के तहत ऐसी कहानियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो पारंपरिक ढर्रे से अलग हों।
इसमें विभिन्न जॉनर और फॉर्मेट की कहानियों के साथ नए और उभरते कलाकारों तथा अन्य रचनात्मक प्रतिभाओं को भी अवसर देने पर जोर होगा। इस पहल के जरिये एक्सेल एंटरटेनमेंट नए फिल्ममेकर्स और लेखकों को सामने लाने के साथ मौलिक आईपी विकसित करने की दिशा में भी काम करेगा। कंपनी का मानना है कि युवा प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर पर अवसर देकर उन्हें भविष्य के स्थापित रचनाकारों के रूप में विकसित किया जा सकता है। एक्सेल एंटरटेनमेंट की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के बाद शुरू की गई यह पहल कंपनी के अगले चरण में युवा प्रतिभाओं और नई कहानियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
