कोलंबिया में खदान धंसने से नौ लोगों की मौत

बोगोटा, 05 मई (वार्ता) कोलंबिया में सुताताउसा नगरपालिका स्थित ‘ला सिस्कुडा’ खदान में हुए हादसे में नौ लोगों की मौत हो गयी है। नेशनल माइनिंग एजेंसी (एएनएम) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एजेंसी ने पुष्टि की है कि इस घटना में नौ लोगों की मौत हो गयी और छह खनिकों को जीवित बचा लिया गया। घायल श्रमिकों का एक क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। क्षेत्रीय अधिकारियों ने बताया कि 18 श्रमिक जमीन के नीचे थे और उसी दौरान यह हादसा हाे गया। इनमें से तीन खुद ही सतह पर आने में सफल रहे।

एएनएम के अनुसार, यह घटना खदान के भीतर हुए विस्फोट के कारण हुई। इस खदान का संचालन ‘कार्बोनेरस लॉस पिनोस एसएएस’ करता है। एजेंसी ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि हादसे के समय से ही वह बचाव और राहत कार्यों का समन्वय कर रही है। एएनएम ने यह भी बताया कि नौ अप्रैल को घटनास्थल पर तकनीकी निरीक्षण किया गया था, जिसके बाद कंपनी को सुरक्षा संबंधी सिफारिशें जारी की गयी थीं। इनमें कोयले की धूल की उपस्थिति के कारण ‘अक्रिय प्रणालियों’ (इनर्टिंग सिस्टम) को मजबूत करना, मीथेन उत्सर्जन वाले छोड़े गये हिस्सों को सील करना और खदान धंसने व विस्फोट के जोखिमों को दूर करना शामिल है। एजेंसी ने आगे स्पष्ट किया कि कोयले की खदानों में आमतौर पर मीथेन गैस और कोयले की धूल जमा हो जाती है, इसलिए ऐसी घातक घटनाओं को रोकने के लिए निरंतर निगरानी और उचित वेंटिलेशन आवश्यक है।

.....

Next Post

नये हमलों के बीच ईरान-अमेरिका युद्धविराम वार्ता खतरे में, होर्मुज में बढ़ा तनाव

Tue May 5 , 2026
वाशिंगटन/तेहरान, 05 मई (वार्ता) ईरान और अमेरिका के बीच हुआ युद्धविराम अब होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर खतरे में पड़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान के ताजा प्रस्ताव को खारिज करने और होर्मुज से जहाजों के पारगमन में मदद के लिए ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ शुरू […]

You May Like