दिनभर चली नगर पालिका की अतिक्रमण हटाओ मुहिम

नीमच। शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात को सुगम बनाने और सडक़ किनारे फैले अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा चलाया जा रहा अभियान सोमवार को भी जारी रहा। मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के निर्देश पर नगर पालिका की टीम ने अंबेडकर रोड स्थित सांई मंदिर से भगवानपुरा चौराहे तक दुकानों के सामने सडक़ तक फैले सामान को हटवाया। कार्रवाई के दौरान सडक़ किनारे रखी बंद गुमटियां, ठेले एवं अन्य सामग्री सहित सात ट्रॉली सामान जब्त किया गया तथा 20 अतिक्रमणकर्ताओं के चालान बनाकर 10,500 का जुर्माना वसूला गया।

नगर पालिका की टीम ने कार्रवाई की शुरुआत सांई मंदिर के सामने से की। इसके बाद शिवाजी सर्कल, डाक बंगला रोड होते हुए भगवानपुरा चौराहे तक दुकानदारों को समझाइश देकर सडक़ पर रखा सामान हटवाया। बार-बार समझाने के बावजूद जिन दुकानदारों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, उनका सामान जब्त कर लिया गया। वहीं सडक़ किनारे अतिक्रमण की नीयत से रखी बंद गुमटियों और ठेलों को भी जब्त कर पुरानी नगर पालिका परिसर भिजवाया गया।

यह कार्रवाई नगर पालिका के राजस्व अधिकारी खेमचंद मुसले एवं टेकचंद बुनकर के नेतृत्व में की गई। अभियान में सहायक राजस्व निरीक्षक महावीर जैन, तेजप्रकाश चोपड़ा, हेमंत सिसोदिया, महेंद्र साहू, योगेश टांकवाल, रवि खरे, स्वच्छता गेंग प्रभारी दीपक गोहर सहित नगर पालिका कर्मचारी जेसीबी एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ मौजूद रहे।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बताया कि शहर में पार्किंग व्यवस्था एवं आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए दुकानों के बाहर सडक़ तक सामान रखने वाले दुकानदारों, गुमटी संचालकों एवं ठेला व्यवसायियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण एवं गंदगी फैलाने पर पहली बार 200, दूसरी बार 500, तीसरी बार 1,000 का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन करने पर सामान जब्त कर राजसात करने की कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

गौ माता को 'राष्ट्र माता' घोषित करने की मांग, खंडवा में निकाली गई गौ-सम्मान यात्रा

Mon Jul 27 , 2026
खंडवा। गौ-सम्मान अभियान के अंतर्गत सोमवार को शहर में एक विशाल गौ-सम्मान यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने और गौवंश की रक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग करना था। यात्रा के समापन पर प्रशासनिक अधिकारियों को मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, […]

You May Like