
खंडवा। गौ-सम्मान अभियान के अंतर्गत सोमवार को शहर में एक विशाल गौ-सम्मान यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने और गौवंश की रक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग करना था। यात्रा के समापन पर प्रशासनिक अधिकारियों को मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन के माध्यम से मुख्य रूप से गौ माता को आधिकारिक रूप से ‘राष्ट्र माता’ का सम्मान प्रदान करने, गोचर (चरागाह) भूमि को अवैध कब्जों और अतिक्रमण से तत्काल मुक्त कराने और देश भर में गौवंश वध को पूर्णतः प्रतिबंधित करने के लिए एक सख्त केंद्रीय कानून बनाने की मांग की गई है।
अभियान के संयोजक सुखदेव बाबा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह जन-जागरण यात्रा शहर के गौरीकुंज सभागृह से प्रारंभ हुई और महाराणा प्रताप तिराहा होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची, जहां कलेक्टर के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा गया। इस यात्रा में संत समाज, गौ-सेवक, गौशाला संचालक और बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस आयोजन में प्रमुख रूप से सुखदेव जी महाराज, चंद्रानंदन जी महाराज, राकेश बंसल, रामचंद्र मौर्य, भूपेंद्र सिंह चौहान, चुन्नीलाल मानकचंदानी, जितेंद्र पटेल, ब्रजेश पटेल, ब्रजेश पंवार, ओमप्रकाश दशोरे, अजय लाड़ और पंकज अग्रवाल उपस्थित थे। इसके साथ ही महिलाओं में श्रीमती बसंती पटेल, रजनी खाटरिया, किरण लेवा और रुक्मणी मोरानिया सहित कई गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
