डार्विन (ऑस्ट्रेलिया), 05 अगस्त (वार्ता) लिटन दास ने बुधवार को साथी खिलाड़ियों के साथ डीएक्स एरिना मैदान पर बिना किसी परेशानी के विकेटकीपिंग का अभ्यास सत्र पूरा किया। बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अधिकारियों ने बताया कि वे 6-8 अगस्त तक डार्विन में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ होने वाले तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच में लिटन की उपलब्धता को लेकर उम्मीद लगाए हुए हैं। बीसीबी के मुख्य चयनकर्ता हबीबुल बशर ने बुधवार को कहा, “उन्हें बिना किसी शिकायत के प्रैक्टिस सेशन पूरा करते देखना बहुत राहत की बात है।
” “हम सुबह उन्हें देखने के बाद प्रैक्टिस गेम में उनकी भागीदारी के बारे में अंतिम फैसला लेंगे।”
राष्ट्रीय चयन पैनल ने पहले घोषणा की थी कि लिटन शुरुआती टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, लेकिन बाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैचों की सीरीज के लिए टेस्ट टीम में लिटन को शामिल कर लिया। जून में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के दौरान लिटन की बाईं पिंडली में चोट लग गई थी, जिसके कारण वे जून और जुलाई में बंगलादेश के जिम्बाब्वे दौरे में शामिल नहीं हो पाए थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए वे समय पर ठीक हो गए हैं।

