मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 150 तीर्थयात्री द्वारका-सोमनाथ रवाना

झाबुआ. मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत झाबुआ जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित 150 तीर्थयात्री एवं 3 अनुरक्षक द्वारका-सोमनाथ तीर्थ यात्रा के लिए मेघनगर रेलवे स्टेशन से रवाना हुए। इस अवसर पर रेलवे स्टेशन परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों को सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देकर विदाई दी।

यात्रा के दौरान तीर्थयात्री गुजरात के प्रमुख धार्मिक स्थलों द्वारका और सोमनाथ के दर्शन करेंगे। यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रशासन की ओर से तीर्थयात्रियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। अधिकारियों ने यात्रियों से संवाद कर यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, आवश्यक व्यवस्थाओं और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी से अवगत कराया।

विदाई कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, पूर्व विधायक श्री कलसिंह भाबर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ललिता मुनिया, नगर परिषद अध्यक्ष श्री कमलेश मछार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मेघनगर सुश्री अवनधती प्रधान तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सभी तीर्थयात्रियों को यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, आवश्यक दस्तावेज एवं सामान सुरक्षित रखने तथा प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। इसके बाद सभी यात्रियों एवं अनुरक्षकों को शुभकामनाओं के साथ ट्रेन से रवाना किया गया।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के तहत यात्रा की सुविधा मिलने से तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। यात्रियों ने धार्मिक स्थलों के दर्शन को लेकर खुशी व्यक्त की और शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस सुविधा के प्रति आभार जताया। द्वारका-सोमनाथ यात्रा को लेकर तीर्थयात्रियों में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली।

Next Post

अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया करेंगे रिएक्टरों का निर्यात, यूरोपीय परमाणु समझौते पर 150 अरब डॉलर का करार

Wed Sep 23 , 2026
न्यूयार्क, 23 सितंबर (वार्ता) अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया ने दुनिया भर में स्मॉल मॉड्युलर न्यूक्लियर रिएक्टर्स के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए एक ‘क्रियान्वयन योजना’ की घोषणा की है। न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर आयोजित एक त्रिपक्षीय मंत्री स्तरीय बैठक के बाद आई यह घोषणा इस […]

You May Like