नंदबाग में शराब दुकान पर फूटा रहवासियों का गुस्सा, महिलाओं ने की पत्थरबाजी

इंदौर:बाणगंगा थाना क्षेत्र के नंदबाग इलाके में रविवार को शराब दुकान के खिलाफ वर्षों से चल रहे विरोध ने उग्र रूप ले लिया. आक्रोशित रहवासियों ने दिनदहाड़े दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की, महिलाओं ने पत्थर बरसाए और दुकानदारों को जान बचाकर भागना पड़ा.बाणगंगा क्षेत्र स्थित नंदबाग कॉलोनी में उस समय हंगामा मच गया जब दर्जनों महिलाओं सहित स्थानीय रहवासियों ने शराब दुकान पर अचानक धावा बोल दिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रहवासियों का कहना है कि वर्षों से दुकान को हटाने की मांग की जा रही थी लेकिन प्रशासन और पुलिस द्वारा इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. रविवार को दुकान के खुलते ही महिलाएं बड़ी संख्या में वहां पहुंचीं और पत्थरबाजी शुरू कर दी. उन्होंने दुकान के बाहर लगे बोर्ड और अंदर रखे सामान को नुकसान पहुंचाया.

स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि शराब विक्रेता जान बचाकर मौके से भाग निकले. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था. बताया जा रहा है कि रहवासी लंबे समय से दुकान के कारण क्षेत्र में बढ़ते अपराध, युवाओं में नशे की प्रवृत्ति और असामाजिक तत्वों की आवाजाही से परेशान थे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. वहीं रहवासियों का कहना है कि जब तक दुकान बंद नहीं होती, विरोध जारी रहेगा.

Next Post

गोल्डी यादव और प्रिया सिन्हा का बोलबम गीत 'सइयाँ जी भाँग चाही लोटे लोटे' रिलीज

Mon Jul 14 , 2025
मुंबई, (वार्ता) गायिका गोल्डी यादव और अभिनेत्री प्रिया सिन्हा का बोलबम गीत ‘सइयाँ जी भाँग चाही लोटे लोटे’ रिलीज हो गया है। प्यारा बोलबम गीत ‘सइयाँ जी भाँग चाही लोटे लोटे’ को वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के ऑफिसियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है। गोल्डी यादव ने कहा कि ‘ […]

You May Like