
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने सीहोर और कटनी में अंतरराज्यीय साइबर ठगी के दो नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में फर्जी ट्रेडिंग ऐप और चोरी किए गए मोबाइल फोन के जरिए लोगों के बैंक खातों को निशाना बनाया जा रहा था।
सीहोर में कोतवाली पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर संचालित करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी ‘एफएक्स ट्रेड’ ऐप के जरिए शेयर बाजार में निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा देकर लोगों से रकम निवेश करा रहे थे। पुलिस के अनुसार, शीतल विहार कॉलोनी से करीब छह महीने से संचालित इस नेटवर्क के जरिए 20 लाख रुपये से अधिक का फर्जी निवेश कराया गया। मौके से कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, पासबुक, सिम कार्ड सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
कटनी में पुलिस ने झारखंड निवासी तीन आरोपियों को चोरी किए गए अनलॉक मोबाइल फोन के जरिए बैंक खातों तक पहुंच बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ित के बचत और केसीसी खातों से 2.10 लाख रुपये निकाले थे। पूछताछ में उन्होंने 14 मोबाइल फोन चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने नागरिकों से बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।
