मलगो राशन दुकान में 7 लाख का खेल

सिंगरौली । शासकीय उचित मूल्य दुकान मलगो में खाद्यान्न वितरण में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। ग्रामीण हितग्राहियों की शिकायत के बाद खाद्य विभाग द्वारा किए गए खाद्यान्न मिलान में करीब सात लाख रुपये मूल्य के खाद्यान्न की कमी सामने आई है। इसमें करीब 128 क्विंटल गेहूं, 140 क्विंटल चावल के अलावा शक्कर एवं नमक शामिल हैं। जांच के बाद माड़ा थाना पुलिस ने सहायक विके्रता आदित्यनाथ बैस के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। मामला जुलाई से सितंबर तक तीन माह के खाद्यान्न वितरण से जुड़ा है। ग्रामीण हितग्राहियों का आरोप था कि पॉस मशीन में अंगूठा लगवाने के बावजूद उन्हें खाद्यान्न नहीं दिया गया। राशन मांगने पर कथित रूप से डांट-फटकार किए जाने की शिकायत भी कलेक्टर से की गई थी। करीब दो सैकड़ा हितग्राही गत दिवस कलेक्ट्रेट पहुंचकर राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत कर चुके हैं। शिकायत में गोदाम में आग लगाने का आरोप भी लगाया गया था। ग्रामीणों के अनुसार कुछ खाली बोरों और सीमित खाद्यान्न में आग लगाकर राशन जल जाने की बात कही गई। इसके साथ ही सहायक विके्रता पर हितग्राहियों से गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप भी लगाए गए। जहां कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम माड़ा ने सहायक विके्रता को नोटिस भी दिया है।

जांच के दौरान दुकान के स्टॉक में मिली भारी गड़बड़ी

ग्रामीणों की शिकायत को कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए खाद्य विभाग को जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद नायब तहसीलदार और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी द्वारा जांच की गई। खाद्य विभाग ने दुकान के खाद्यान्न का मिलान किया, जिसमें स्टॉक और उपलब्ध खाद्यान्न में बड़ी कमी सामने आई। जांच के आधार पर सहायक विके्रता आदित्यनाथ बैस के विरुद्ध माड़ा थाने में आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया गया है। अब पुलिस कार्रवाई और जांच के अगले चरण पर निगाहें टिकी हैं। तीन माह के वितरण रिकॉर्ड, पॉस मशीन की प्रविष्टियों, दुकान के स्टॉक तथा जांच में सामने आई कमी के आधार पर प्रकरण की आगे विवेचना की जा रही है। राशन दुकान से जुड़े हितग्राहियों का कहना है कि उन्हें लंबे समय से अपने हक के खाद्यान्न के लिए परेशानी उठानी पड़ रही थी।

267 क्विंटल खाद्यान्न गायब

कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, सिंगरौली एवं नायब तहसीलदार वृत्त मकरोहर द्वारा की गई संयुक्त जांच में पाया गया कि जुलाई, अगस्त एवं सितंबर 2026 के दौरान पॉस मशीन में हितग्राहियों के अंगूठे लगवाने के बावजूद उन्हें खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया गया। भौतिक सत्यापन के दौरान दुकान में उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक एवं पॉस मशीन में दर्ज आंकड़ों में भी महत्वपूर्ण अंतर पाया गया। जांच में 127.70 क्विंटल गेहूं, 139.02 क्विंटल चावल, 0.63 क्विंटल शक्कर एवं 0.61 क्विंटल नमक का गबन पाया गया। गबन किए गए खाद्यान्न की कुल अनुमानित कीमत 6 लाख 83 हजार 832 रुपये आंकी गई है। जांच में सहायक विके्रता आदित्यनाथ वैश्य पिता स्व. गिरधारी वैश्य निवासी ग्राम मलगो द्वारा भारी गड़बड़ी की गई।

Next Post

बदमाशों ने बमबाजी कर फैलाई दहशत

Thu Oct 1 , 2026
जबलपुर । घमापुर में स्कूटी सवार बदमाशों ने दहशत फैलाने के इरादे से एक घर के बाहर बमबाजी कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए । सूचना मिलते ही पुलिस मौका-ए-वारदात में पहुंच गई और प्रकरण दर्ज कर पतासाजी में जुट गई है। […]

You May Like