
इंदौर. सांवेर थाना क्षेत्र में नाले किनारे मिले तीन काले बैग में 500-500 के नोटों की गड्डियों का रहस्य दो माह बाद भी नहीं सुलझ सका है. पुलिस को गड्डियों में ऊपर नीचे असली नोट और बीच में कागज मिला था, जिसमें से 42 हजार रुपए जब्त किए थे.
ज्ञात हो कि करीब दो माह पहले किसान विष्णु ने पुलिस को सूचना दी थी कि नाले किनारे तीन काले बैग पड़े हैं, सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और बैग खोलकर देखा तो उसमें 500-500 के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और गड्डियों की जांच की. जांच में सामने आया कि हर गड्डी के ऊपर और नीचे असली नोट लगे थे, जबकि बीच में कागज रखा था. पुलिस ने मौके से 42 हजार रुपए के असली नोट जब्त किए और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू की, लेकिन किसी भी संदिग्ध की पहचान नहीं हो सकी. पुलिस का मानना है कि इस तरह की गड्डियों का इस्तेमाल ठगी के लिए किया जाता है. आशंका है कि ठगों ने ये बैग तैयार किए थे और पकड़े जाने के डर से नाले किनारे फेंक दिए. हालांकि घटना के दो माह बीतने के बाद भी पुलिस न तो आरोपियों तक पहुंच सकी है और न ही इस पूरे मामले का रहस्य खुल सका है.
