
इंदौर. सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित अर्जुन पल्टन नीलकंठ कॉलोनी में देर रात सिरफिरों ने खड़े वाहनों में तोड़फोड़ कर दहशत फैला दी. करीब 7 दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कांच फोड़ दिए, जबकि एक आरोपी को रहवासियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
घटना श्याम अग्रवाल के घर के बाहर की है, जहां खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने पत्थर और डंडों से कांच तोड़ दिए. दोपहिया वाहनों को भी गिराकर नुकसान पहुंचाया. बताया जा रहा है कि करीब 4 बदमाश दो गाड़ियों में सवार होकर आए थे और अचानक कॉलोनी में उत्पात मचाने लगे. घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और रहवासियों में दहशत फैल गई. रहवासियों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक बदमाश वहीं मौजूद थे. लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके साथी मौके से फरार हो गए. थाना प्रभारी पीएल शर्मा ने बताया कि फिलहाल पकड़े गए आरोपी से सदर बाजार पुलिस पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है.
