लाहौर, पिछले तीन वर्षों से जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान के समर्थन में अब देश के दिग्गज क्रिकेटर भी खुलकर सामने आने लगे हैं। पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने हाल ही में एक साक्षात्कार में कहा है कि इमरान खान के साथ राजनीतिक मतभेद या कानूनी मुकदमे अपनी जगह हैं, लेकिन एक इंसान और पूर्व कप्तान के रूप में उनकी सेहत और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय कप्तानों के बाद ब्रायन लारा और अन्य दिग्गजों ने भी की उचित चिकित्सा की मांग
इससे पहले भारत समेत दुनिया भर के 22 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को खुला पत्र लिखकर इमरान खान को बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं और मानवीय व्यवहार उपलब्ध कराने की मांग की थी। वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा ने भी इस मुहिम का समर्थन करते हुए कहा था कि संकट की इस घड़ी में पूर्व क्रिकेटर को उचित मेडिकल केयर मिलना उनका बुनियादी अधिकार है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
भ्रष्टाचार के मामलों में 2023 से जेल में बंद हैं इमरान, सरकार और समर्थकों के बीच बढ़ी चिंता
विभिन्न भ्रष्टाचार मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद से अगस्त 2023 से सलाखों के पीछे रह रहे इमरान खान हालांकि अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को लगातार खारिज करते रहे हैं। हालांकि पाकिस्तानी सरकार उनकी सेहत दुरुस्त होने का दावा करती रही है, लेकिन देश-विदेश के खेल दिग्गजों द्वारा लगातार उठाई जा रही आवाजों ने इस मामले को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

