
इटारसी। ग्राम पंचायत अजेरा, विकासखंड सोहागपुर के सेक्टर क्रमांक-5 में जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। निर्मल विकास सेवा समिति एवं ग्राम पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में प्रभात फेरी, नर्मदा संरक्षण पर विचार संगोष्ठी और डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पं. प्रकाश मनमोहन मुद्गल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं नर्मदा सेवक शामिल हुए। वक्ताओं ने जल संरक्षण, नर्मदा स्वच्छता और जैविक खेती के महत्व पर जोर दिया। इस अवसर पर पंचायत में जैव विविधता समिति का गठन भी किया गया। अंबेडकर जयंती पर उपस्थित जनों ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के अंत में नर्मदा सेवकों का सम्मान किया गया तथा ग्राम में प्याऊ की स्थापना की गई। आयोजन में करीब 100 ग्रामीणों की सहभागिता रही।
