
अहमदाबाद। गुजरात की राजधानी अहमदाबाद से एक बड़ी विमान दुर्घटना की खबर सामने आई है। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के लिए उड़ान भरते ही एयर इंडिया का एक विमान तकनीकी खराबी के चलते क्रैश हो गया। इस विमान में कुल 242 यात्री सवार थे।
सूत्रों के अनुसार, हादसे के समय विमान ने टेक-ऑफ के कुछ ही मिनटों बाद संतुलन खो दिया और हवाई अड्डे के समीप मेघानी नगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के भी विमान में सवार होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद हवाई अड्डे को शाम 5 बजे तक के लिए बंद कर दिया गया है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। वहीं, अहमदाबाद सिविल अस्पताल के शवगृह में एम्बुलेंस की लंबी कतारें देखी गईं, जिससे हादसे की गंभीरता का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।
