
अहमदाबाद।गुरुवार दोपहर गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास मेघानीनगर इलाके में एयर इंडिया का एक बड़ा विमान हादसा हुआ। लंदन गैटविक जा रही फ्लाइट संख्या 171, जिसमें 242 यात्री सवार थे, टेकऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। एयरपोर्ट परिसर से घना धुआं उठता देखा गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर तुरंत संज्ञान लेते हुए गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की। पीएम ने राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए नायडू को अहमदाबाद भेजने का निर्देश दिया। एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे अत्यंत दुखद बताया। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की टीम जांच के लिए रवाना हो चुकी है। सभी एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और बचाव कार्य जारी है। प्रधानमंत्री ने नियमित अपडेट और हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
