मन की बात समाज को जोड़ने और प्रेरित करने का सशक्त माध्यम: खंडेलवाल

बैतूल। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने लोगों से समाज और राष्ट्रहित में छोटे-छोटे संकल्प लेकर सकारात्मक बदलाव का हिस्सा बनने का आह्वान किया।

खंडेलवाल रविवार को खेड़ी-सावलीगढ़ में आयोजित मन की बात श्रवण कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, किसान, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से देशभर के ऐसे लोगों की प्रेरक कहानियां सामने आती हैं, जो बिना किसी प्रचार-प्रसार के समाज और राष्ट्र के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। ऐसे प्रयास अन्य लोगों को भी समाजसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता और रुचि के अनुरूप समाज के लिए योगदान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने, विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने नशामुक्ति, स्वच्छता, जल संरक्षण और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों में जनभागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने बताया कि इस बार ‘मन की बात’ कार्यक्रम का आयोजन प्रदेशभर में किसानों के बीच विशेष रूप से किया गया, ताकि उनकी समस्याओं, उपलब्धियों और हितों पर चर्चा हो सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में आदिवासी बस्तियों, अनुसूचित जाति समाज और अन्य वंचित वर्गों के बीच भी ऐसे आयोजन किए जाएंगे।

खंडेलवाल ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और मोबाइल आधारित संस्कृति के कारण लोगों के बीच प्रत्यक्ष संवाद कम होता जा रहा है। उन्होंने सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने के लिए परिवार और समाज के बीच संवाद बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, किसान मोर्चा के पदाधिकारी, मंडल कार्यकर्ता तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद डॉ. खंडेलवाल ने ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं से क्षेत्रीय विकास, कृषि तथा जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

Next Post

रीवा जिले में मौसम ने ली करवट, तेज बारिश से मिली राहत

Sun May 31 , 2026
रीवा। जिले में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को शुक्रवार को बड़ी राहत मिली। दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए और कई क्षेत्रों में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ चली […]

You May Like