
छतरपुर। जिला मुख्यालय के बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पलकुँवा में पारिवारिक रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां तीन शादियां कर चुकी एक महिला को उसके तीसरे पति ने ही जान से मारने का खौफनाक प्रयास किया। आरोपी पति महिला को बहला-फुसलाकर सुनसान जंगल में ले गया, जहां उसने बेरहमी से मारपीट करने के बाद जबरन उसके मुंह में जहर उड़ेल दिया। गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।
पुलिस के अनुसार, अस्पताल के बेड पर तड़प रही पीड़िता की पहचान सरोज पटेल के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में जो कहानी निकलकर सामने आई है, वह किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी है। सरोज ने एक के बाद एक तीन शादियां की थीं और वर्तमान में वह अपने तीसरे पति कालीचरण पटेल के साथ रह रही थी। हालांकि, बीते कुछ दिनों से सरोज अपने तीसरे पति को छोड़कर अपने दूसरे पति हल्के पटेल के पास वापस लौटने की जिद पर अड़ी हुई थी। पत्नी का यह फैसला तीसरे पति कालीचरण को नागवार गुजरा।
इसी बात से नाराज होकर कालीचरण ने सरोज को रास्ते से हटाने की साजिश रची। वह उसे गांव के पास स्थित जंगल की ओर ले गया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। शनिवार को अस्पताल में होश आने के बाद पीड़िता ने बमीठा पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई और बयान दर्ज कराए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्रिकोणीय पारिवारिक विवाद के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
