सतना: सीमेंट प्लांट की मैगजीन के पीछे एक तेंदुए का शव मिलने से हडक़ंप मच गया. मौके पर पहुंचे वन अमले द्वारा मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया. अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में बघवार मैगजीन के पीछे तेंदुए का शव पड़ा होने की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा वन अमले को दी गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे वन अमले ने जांच शुरु की. मृत तेंदुए का पशु चिकित्सक द्वारा पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया. वन अमले के अनुसार मृत तेेंदुआ व्यस्क नर था. तेंदुए के शरीर पर दांत और पंजे के निशान मिले हैं. जिसे देखते हुए इस बात की संभावना जताई गई कि वर्चस्व की लड़ाई के चलते घायल हुए तेंदुए ने दम तोड़ दिया होगा.
