ट्रैक से रनिंग रूम तक जीएम की पड़ताल, चित्तौडग़ढ़ में खुद चखा रेलकर्मियों का खाना

रतलाम। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने 23 अगस्त को रतलाम से चंदेरिया तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलवे ट्रैक, पुलों और अन्य रेल परिसंपत्तियों की संरक्षा का जायजा लिया। इसके बाद मंदसौर और नीमच स्टेशनों का औचक निरीक्षण किया। चित्तौडग़ढ़ पहुंचने पर उन्होंने रनिंग रूम में भोजन की गुणवत्ता खुद परखी और लोको पायलटों से काम के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली।

महाप्रबंधक ने रतलाम से चंदेरिया तक रेल मार्ग के निरीक्षण के दौरान ट्रैक और पुलों की सुरक्षा व्यवस्था देखी। मंदसौर और नीमच में प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालय, पे एंड यूज शौचालय, स्टेशन प्रबंधक कार्यालय और निर्माणाधीन फुटओवर ब्रिज का निरीक्षण किया। निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए इन्हें तय समय में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।

चित्तौडग़ढ़ स्टेशन पर निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक एकीकृत क्रू लॉबी और रनिंग रूम पहुंचे। यहां उन्होंने रेल कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता और रखरखाव की स्थिति देखी। रनिंग रूम में भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था परखी तथा स्वयं भोजन भी किया।

इस दौरान उन्होंने लोको पायलट और रनिंग स्टाफ से सीधे संवाद किया। कर्मचारियों से कार्य के दौरान आने वाली कठिनाइयों, उपलब्ध सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को यात्रियों और रेल कर्मचारियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने तथा यात्री सुविधाओं और निर्माणाधीन कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार सहित रतलाम मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Next Post

फल विक्रेता को फिल्मी अंदाज से अगवा कर पीटा, जेवर लूटे

Sun Aug 23 , 2026
जबलपुर। गोरखपुर थाना अंतर्गत संजीवनी अस्पताल के पास मांडवा बस्ती में रहने वाले एक फल विक्रेता को बीच सड़क से फिल्मी अंदाज में अगवा कर लिया गया। आरोपी उसे सफेद रंग की स्विफ्ट कार में ठूंसकर श्मशान घाट तरफ ले गए, जहां लोहे के पाइप और डंडों से अधमरा होने […]

You May Like