फल विक्रेता को फिल्मी अंदाज से अगवा कर पीटा, जेवर लूटे

जबलपुर। गोरखपुर थाना अंतर्गत संजीवनी अस्पताल के पास मांडवा बस्ती में रहने वाले एक फल विक्रेता को बीच सड़क से फिल्मी अंदाज में अगवा कर लिया गया। आरोपी उसे सफेद रंग की स्विफ्ट कार में ठूंसकर श्मशान घाट तरफ ले गए, जहां लोहे के पाइप और डंडों से अधमरा होने तक पीटा। इसके बाद आरोपी युवक से चांदी के जेवर लूटकर उसे दमोहनाका चौराहे पर फेंककर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, मांडवा बस्ती रामपुर निवासी अंकित रैकवार (22) पाण्डे चौक बड़ी मंडी में फल का ठेला लगाता है। रात करीब 1 बजे वह अपने दोस्त आलोक केवट के साथ स्कूटी से खाना खाने के लिए तीन पत्ती स्थित राजा सलाम भोजनालय जा रहा था। जैसे ही वह संजीवनी अस्पताल के पास पहुंचा वहां पहले से मौजूद इलाके का बदमाश राहुल साहू उर्फ काला अपने दो साथियों के साथ बीच रास्ते में आकर खड़ा हो गया। आरोपियों ने स्कूटी को जबरन रुकवाया और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद किया, अंकित ने विरोध किया तो तीनों ने हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। हमला होते देख अंकित का दोस्त आलोक डर के मारे अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला।

बंधक बनाकर लालमाटी कांचघर ले गए

अंकित को अकेला पाकर राहुल काला और उसके साथियों ने उसे जबरदस्ती अपनी सफेद रंग की स्विफ्ट कार के अंदर खींच लिया। आरोपी उसे बंधक बनाकर सीधे लालमाटी कांचघर स्थित मरघटाई के पास ले गए। कार से नीचे उतारते ही राहुल काला ने लोहे के पाइप से अंकित के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। इसके बाद उसके दोनों साथियों ने डंडों से अंकित के हाथ, पैर और पीठ पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

दमोहनाका पर फेंककर भागे

बेरहमी से मारपीट करने के बाद आरोपियों ने अंकित की पहनी हुई चांदी की अंगूठी और चैन जबरन छीन ली, जिसकी कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अधमरी हालत में अंकित को वापस कार में डालकर दमोहनाका लेकर पहुंचे। वहां चलती कार से उसे सड़क पर धक्का दे दिया और दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

Next Post

युवा भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हैं: जितेंद्र सिंह

Sun Aug 23 , 2026
श्रीनगर, 23 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि आज का युवा भारत की विकास यात्रा और ‘विकसित भारत 2047’ के विजन का हिस्सा बनने को पूरी तरह तत्पर है और युवा केवल विकास के लाभ लेने वाले नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माता हैं। श्री सिंह ने […]

You May Like